Categories
SPORTS NEWS

ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली हॉकी टीम के खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपए देगी पंजाब सरकार

पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने ट्वीट कर दी बधाई

नई दिल्ली। 41 साल के सूखे को खत्म करते हुए भारतीय हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) जीता है। सोशल मीडिया पर बधाईयों का तांता लगा हुआ है और हर कोई टीम की जीत का जश्न मना रहा है। इसी बीच पंजाब सरकार ने टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम में शामिल राज्य के प्रत्येक खिलाड़ी को एक करोड़ रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास, 41 साल बाद जीता मेडल

पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने ट्वीट किया, ‘भारतीय हॉकी के लिए इस एतिहासिक दिन मुझे यह घोषणा करते हुए खुश है कि (टीम में शामिल) पंजाब के प्रत्येक खिलाड़ी को एक करोड़ रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। हम आपकी वापसी का इंतजार करेंगे और ओलंपिक में पदक का जश्न मनाएंगे।’ कप्तान मनप्रीत सिंह सहित पंजाब के 8 खिलाड़ी भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य हैं। पंजाब के अन्य खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह, रूपिंदर पाल सिंह, हार्दिक सिंह, शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह और मनदीप सिंह हैं।

सोढ़ी ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि अगर टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा ले रही भारतीय हॉकी टीम स्वर्ण पदक जीतती है तो टीम में शामिल राज्य ने प्रत्येक खिलाड़ी को ढाई करोड़ रुपए दिए जाएंगे। भारत ने इससे पहले ओलंपिक में अपना पिछला पदक 1980 मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक के रूप में जीता था। सोढ़ी ने कहा कि उन्हें टोक्यो ओलंपिक में पूरी भारतीय हॉकी टीम के प्रदर्शन पर गर्व है। सोढ़ी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘यह लुत्फ उठाने और एतिहासिंह कांस्य पदक का जश्न मनाने का समय है। पंजाब का खेल मंत्री होने के नाते यह मेरा काम और गर्व की बात है कि राष्ट्रीय खेल को बढ़ावा और प्रोत्साहन दूं।’

वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, ‘देश के लिए गौरवपूर्ण और एतिहासिक लम्हा। भारत की पुरुष हॉकी टीम ने रोमांचक मैच में जर्मनी को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। 41 साल बाद पोडियम पर जगह बनाना शानदार उपलब्धि और हॉकी का कांस्य पदक सोने के तमगे की तरह है। बधाई हो।’

हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए facebook page like करें 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *