सलूणी। चंबा जिला के सलूणी उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत भड़ेला में एक दुखद हादसा हुआ है। चचेरी बहन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे 45 वर्षीय व्यक्ति की रास्ते में ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। व्यक्ति का शव उसके गांव से एक किलोमीटर की दूरी पर बरामद हुआ है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान चेतराम (45) पुत्र रघु निवासी गांव डंडियाली व डाकघर भड़ेला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार चेतराम वीरवार को अपनी चचेरी बहन के निधन पर उसके अंतिम संस्कार में गया था। रस्में पूरी करने के बाद वह घर के लिए लौटा, लेकिन घर नहीं पहुंच सका।
शाम करीब 6 बजे गांव से कुछ दूरी पर रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने चेतराम को अचेत अवस्था में पड़े देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना चेतराम के परिजनों को दी। खबर मिलते ही उसकी मां, भाई और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चेतराम की मौत हो चुकी थी।
चेतराम की मौत की खबर से घर से पूरे डंडियाली गांव में मातम पसर गया। शुक्रवार को गमगीन माहौल में चेतराम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय चेतराम की पत्नी और बच्चे चंबा में थे।
चेतराम के घर में उसकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। अब बच्चों की परवरिश की पूरी जिम्मेदारी उनकी मां के कंधों पर आ गई है। चेतराम की मौत किन कारणों से हुई यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।