रेखा चंदेल/झंडूता। इंसानियत संस्था डाहड़ अस्पताल में वर्तमान समय में रक्त की कमी को पूरा करने वाली अग्रणी संस्था बन चुकी है। बीते दो साल में इंसानियत संस्था ने 19 रक्तदान शिविरों का आयोजन करवाया है। इंसानियत संस्था का 19वां रक्तदान शिविर ग्राम पंचायत कूह मंझवाड़ में करवाया गया।
इस शिविर में 17 लोगों ने रक्तदान किया। इस शिविर में कुल 40 से 50 लोगों ने हिस्सा लिया। इस रक्तदान शिविर को लगवाने में पलेला गांव के पवन ठाकुर मुख्य सूत्रधार रहे। फेसबुक के माध्यम से उन्होंने इंसानियत संस्था के प्रधान पवन चंदेल से संपर्क साधा और इस रक्तदान शिविर को आयोजित करवाने की रूपरेखा तैयार की।
इंसानियत संस्था हर महीने एक या दो रक्तदान शिविरों का आयोजन करवाती है। इंसानियत संस्था के प्रधान पवन चंदेल ने बताया कि संस्था हर सामाजिक कार्य में बढ़-चढ़कर के हिस्सा लेती है। इंसानियत संस्था ने बहुत से बीमारी से पीड़ित और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद की है।
इंसानियत संस्था ने बेटियों की शादी में भी लाचार और असहाय माता-पिता को भी सहायता राशि दान दी है। इंसानियत संस्था ने बेटियों की सुरक्षा के लिए और बढ़ते हुए नशे को रोकने के लिए भी पहले से ही विशेष अभियान चलाया हुआ है। इंसानियत संस्था पूरे प्रदेश भर में अपने नाम के अनुरूप कार्य करने वाली बहुचर्चित संस्था बन गई है।