शिमला। पंजाब के मोहाली की निजी यूनिवर्सिटी के हास्टल में नहाती हुई छात्राओं के वीडियो वायरल मामले में पंजाब पुलिस ने शिमला के ढली व रोहड़ू से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिदेशक (DGP) संजय कुंडू ने ट्वीट कर आरोपी को हिरासत में लेने की पुष्टि की है। रोहड़ू पुलिस ने सन्नी को हिरासत में लिया था। सन्नी मेहता नामक युवक को शिमला के रोहड़ू और रंकज नामक युवक को शिमला के ढली से गिरफ्तार किया गया।
हिमाचल पुलिस ने दोनों युवकों को दिन में ही अरेस्ट कर लिया था। रविवार रात लगभग साढ़े 9 बजे दोनों युवक पंजाब पुलिस को हैंडओवर कर दिए गए। रोहडू से गिरफ्तार किया गया सन्नी मेहता एक बेकरी में काम करता है। शिमला से गिरफ्तार 31 साल का रंकज वर्मा किसी ट्रेवल एजेंसी में काम करता है। रंकज मूल रूप से ठियोग के संधू एरिया का बताया जा रहा है।
इस मामले में सबसे अहम सवाल छात्राओं के लगातार वीडियो बनाए जाने का है। निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली सन्नी की गर्लफ्रेंड काफी समय से हॉस्टल में रहने वाली लड़कियों के वीडियो बनाकर सन्नी को भेज रही थी।
पुलिस जानना चाहती है कि आखिर सन्नी इन वीडियो का क्या करता था? बताया जा रहा है कि वीडियो बनाने वाली लड़की भी शिमला से ही ताल्लुक रखती है। दोनों ने ऐसा क्यों किया इसकी जांच की जा रही है।