जमीनी विवाद के चलते परिवार पर किया गया था हमला, दो का चल रहा इलाज
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के गांव बीरता में जमीनी विवाद के चलते हुई खूनी झड़प में घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 53 वर्षीय सुभाष के रूप में हुई है। इस झड़प में राकेश कुमार, ऊमा शंकर व सुभाष चन्द घायल हुए थे जिनको टांडा से पीजीआई चंडीगढ रेफर किया था। इनमें से सुभाष चंद की शनिवार सुबह सात बजे मौत हो गई जबकि राकेश नामक दूसरे व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, ऊमा शंकर का इलाज टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी चल रहा है। इस मामले में तीन महिलाओं सहित 9 लोगों को हिरासत में लिया गया था। डीएसपी कांगड़ा सुनील ने मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम होगा उसके बाद उसके शव को कांगड़ा लाया जाएगा।
ये है पूरा मामला –
जिला कांगड़ा में बीरता नाम के गांव में जमीनी विवाद के चलते शुक्रवार को एक परिवार पर जानलेवा हमला हुआ। इस हमले में तीन लोग घायल हुए। घायलों में से एक को टांडा से पीजीआई रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस की कार्रवाई से गुस्साए लोगों ने लगभग तीन घंटे तक बीरता में चक्का जाम किया। गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की एसपी विमुक्त रंजन ने मौके पर पहुंच कर मामले के शांत करवाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बताया जा रहा है कि बीरता में दो परिवारों की काफी समय से जमीनी विवाद चला हुआ। पीड़ित परिवार का कहना है उन्होंने गुरुवार को पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद शुक्रवार सुबह आरोपियों ने घर में घुसकर हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने डीएसपी कांगड़ा के साथ मौके का मुआयना किया।