Categories
Top News Himachal Latest Crime Shimla

हिमाचल में लैंडस्लाइड : मलबे की चपेट में आकर दो महिलाओं की मौत-4 घायल

शिमला के चौपाल उपमंडल की गड़ा पंचायत का मामला

शिमला। कोरोना संकट के बीच एक बड़े हादसे ने हिमाचल को हिला कर रख दिया है। शिमला जिला के चौपाल उपमंडल में पहाड़ी से हुए लैंडस्लाइड की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई है। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को नेरवा सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद शिमला रेफर किया गया है।

घायलों में तीन पुरुष व एक महिला शामिल है। गौरतलब है कि आज दोपहर करीब एक बजे कुछ लोग नेरवा की तरफ आ रहे थे। चौपाल उपमंडल की पंचायत गड़ा के कनाहल में पहाड़ी से अचानक लैंडस्लाइड हो गया। लैंडस्लाइड के मलबे की चपेट में कमला देवी व शुक्री देवी दोनों निवासी बावड़ा आ गईं। दोनों महिलाओं ने मौके पर दम तोड़ दिया।

वहीं, राम शर्मा निवासी बासुआ, कुब्जा देवी निवासी बावड़ा, पितांबर निवासी बावड़ा व रमेश निवासी बावड़ा ने भाग कर जान तो बचा ली लेकिन पत्थरों की चपेट में आकर घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं, प्रशासन की तरफ से मृतक महिलाओं के परिजनों को दस-दस हजार और घायलों को 5-5 हजार की फौरी राहत प्रदान की गई है। चौपाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलबीर सिंह ने हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि घायलों को हर उचित उपचार मुहैया करवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *