मंत्री के वार्ता पर बुलाए जाने के चलते हुआ ऐसा
शिमला। हिमाचल में आज आठ बजे से एचआरटीसी सेवा बहाल हो गई है। एचआरटीसी की बसें रूटों पर दौड़ने लग पड़ी हैं। आरएम शिमला के तबादले के विरोध में आंदोलन कर रहे कर्मचारियों ने 26 जुलाई तक आंदोलन वापल ले लिया है। ऐसा परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर द्वारा कर्मचारियों को वार्ता पर बुलाए के चलते किया गया है। वार्ता 26 जुलाई को होगी। परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के सचिव ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि एचआरटीसी के आंदोलनरत कर्मचारियों को परिवहन मंत्री ने 26 जुलाई को वार्ता के लिए बुलाया है। इस कारण कर्मचारियों ने अपना आंदोलन 26 जुलाई तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। आंदोलन की अगली रूपरेखा वार्ता के परिणाम पर निर्भर करेगी।
संयुक्त समन्वय समिति ने निर्णय लिया है कि 26 जुलाई को परिवहन मंत्री के साथ केवल एक मांग एक अधिकारी को निजी बस ऑपरेटर संघ की मांग के दौरान तबादला किए जाने बारे होगी। अन्य मांगों के बारे में पहले प्रबंध निदेशक स्तर की वार्ता की जाएगी। इसके उपरांत परिवहन मंत्री से औपचारिक वार्ता की जाएगी। आज से परिवहन सेवाएं आगामी निर्णय तक बहाल हो जाएंगी।
बता दें कि क्षेत्रीय प्रबंधक शिमला लोकल देवासेन नेगी के तबादले को लेकर एचआरटीसी कर्मियों और सरकार के बीच ठन गई है। आरएम देवासेन नेगी का तबादला नेरवा के लिए कर दिया है। एचआरटीसी कर्मियों ने शिमला सहित आज पूरे प्रदेश में बसों को खड़ी कर प्रदर्शन किया। ऊना में कर्मचारियों ने आईएसबीटी के बाहर बसें खड़ी कर बस स्टैंड ऊना में एंट्री बंद कर दी थी। कर्मचारियों ने रोष जताते हुए एचआरटीसी प्रबंधन व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें :- खेल-खेल में करोड़पति बन गया हिमाचल का यह पुलिस कांस्टेबल
हिमाचल पथ परिवहन कर्मियों की मांग को लेकर हड़ताल का असर अर्की क्षेत्र में भी आज देखने को मिला। जहा पथ परिवहन कर्मियों द्वारा अर्की बस स्टैंड पर उच्चाधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करके प्रदर्शन किया गया व बसें खड़ी रखीं। परिवहन कर्मी शिमला लोकल के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी के तबादले को रद्द करने की मांग को लेकर अड़े रहे।
सिरमौर जिला में भी एचआरटीसी के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। नाहन बस स्टैंड से चलने वाली विभिन्न रूटों पर कोई भी बस सेवा नहीं चलाई गई। एचआरटीसी कर्मचारियों ने नाहन बस स्टैंड के गेट पर नारेबाजी करते हुए चक्का जाम कर दिया। कहा कि जब तक आरएम का तबादला रद्द नहीं किया जाता, तब तक एचआरटीसी की सेवा ठप रहेंगी। बिलासपुर बस अड्डा में शनिवार को दोपहर बाद अचानक एचआरटीसी के चालकों ने बस अड्डा को दोनों ओर से बंद कर दिया। चालकों ने बस अड्डा के एंट्री व एग्जिट गेट अपनी बसें लगाकर अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिए। इससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, निजी बसें भी बस अड्डा के बाहर नेशनल हाइवे के दोनों खड़ी हो गई। इस दौरान कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
उधर, परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने हमीरपुर में कहा था कि आरएम के तबादले पर चालक- परिचालकों का धरना गलत है। तबादला करना या ना करना यह सरकार तय करती है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशानात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अब आंदोलन कर रहे कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाया गया है।