शिमला। हिमाचल में मौसम बेईमान बना हुआ है। पिछले दो दिन से बारिश व तूफान का दौर जारी है। कल रात को भी तूफान ने हिमाचल के कुछ क्षेत्रों में खासी तबाही मचाई है। अभी 18 जून तक मौसम खराब रहने की संभावना है। वहीं, आज और कल के लिए शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा के सिहुंता, चुवाड़ी, चंबा, सोलन, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा आदि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। उक्त क्षेत्रों के अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा, गरज, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ताजा अपडेट में लगाया गया है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है। वहीं, उक्त जिलों में ही 14, 15 और 16 जून के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है।
छिटपुट स्थानों पर गरज, बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मौसम को लेकर एडवाइजरी भी जारी की है। लगातार बारिश और भारी बारिश के साथ तेज हवा के कारण भूस्खलन और पेड़ों के उखड़ने की घटनाएं हो सकती हैं। आम जनता और पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे नदी के किनारे ना जाएं, क्योंकि नदियों का जल स्तर बढ़ सकता है।
हिमाचल में 16 जून तक पूरे हिमाचल में बारिश व आंधी की संभावना जताई गई है। 17 व 18 जून को मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं, मध्य पर्वतीय व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश व आंधी की संभावना है। हिमाचल में अधिकतम तापमान अभी सामान्य से एक से दो डिग्री नीचे और न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री अधिक है। ऊना जिला का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, केलांग का सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री दर्ज किया गया है। बता दें कि ऊना का तापमान पिछले दो तीन दिन 43 डिग्री पार कर गया था।