शिमला। हिमाचल विधानसभा चुनाव से पहले कांगड़ा जिला के विधानसभा क्षेत्र परागपुर से चार बार विधायक रहे योग राज ने भाजपा का दामन थाम लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की उपस्थिति में वह भाजपा में शामिल हुए।
योग राज तीन बार कांग्रेस और एक बार जनता पार्टी (जेएनपी) से विधायक रहें हैं। योगराज 4 बार कांगड़ा सहकारी बैंक के निदेशक और जिला सहकारी समितियों के जिला संघ के अध्यक्ष रहे हैं।
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1972 में की थी। योगराज ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मजबूत नेतृत्व के कारण भाजपा में शामिल हुए।
पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि उनके शामिल होने से पार्टी में नई ऊर्जा आएगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा दिन-ब-दिन बढ़ रही है और आने वाले समय में और भी शामिल होंगे।
आगामी आम चुनाव में हम बड़ी जीत की ओर बढ़ रहे हैं। पूर्व विधायक योग राज की पत्नी मधु शर्मा ने भी भाजपा की सदस्यता ली। योग राज ने 1977 में जेएनपी से परागपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीते। 1984 उपचुनाव में कांग्रेस की टिकट पर जीत दर्ज की। 1985 में भी कांग्रेस की टिकट पर विधायक चुने गए। 1990 में हार गए। 1993 में उन्हें टिकट नहीं मिली और आजाद लड़े पर हार गए।
1998 में कांग्रेस ने टिकट दी पर इस बार भी हार गए। 2003 में फिर आजाद हुंकार भरी और चुनाव जीत न सके। 2007 में फिर कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़े और जीत दर्ज की। 2012 में डिलिमिटेशन के बाद परागपुर विधानसभा क्षेत्र खत्म हुआ और वह आजाद चुनाव लड़े। पर हार गए।