आठ जुलाई को सुबह 3 बजकर 40 मिनट पर तोड़ा है दम
रामपुर बुशहर। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आज राजसी परंपरा और पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। अंतिम संस्कार से पहले विक्रमादित्य सिंह के राजतिलक की परंपरा निभाई जाएगी। उसके बाद अंतिम संस्कार होगा। अंतिम संस्कार से पहले पार्थिव देह को पदम पैलेस में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। पदम पैलेस रामपुर में सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक पार्थिव शरीर दर्शन के लिए रखा जाएगा। शाम तीन बजे अंतिम संस्कार होगा।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आठ जुलाई को सुबह तीन बजकर 40 मिनट आईजीएमसी शिमला में निधन हो गया था। वह लंबे समय से आईजीएमसी में भर्ती थे। वीरभद्र सिंह दो बार कोरोना पाजिटिव भी पाए गए थे। उन्होंने कोरोना को मात दे दी थी। पिछले कल यानि 9 जुलाई को वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह पहले रिज शिमला में और फिर कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में रखी गई थी। रिज पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राजीव भवन में राहुल गांधी ने वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्थिव देह को शिमला से रामपुर लाया गया। रामपुर आते रास्ते में जगह जगह लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी।