झारखंड के हैं रहने वाले, पुलिस ने दर्ज किया केस
कांगड़ा। हिमाचल के कांगड़ा जिला के कांगड़ा शहर के साथ लगते क्षेत्र छेब में बड़े भाई ने छोटे का कत्ल कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज टांडा भेज दिया है।
यह भी पढ़ें :-सोलन में एनएच-5 पर हादसा : खाई में गिरी कार, चालक की मौत
गौरतलब है कि रोहित कुमार (21) सब्जी मंडी में काम करता था और उसका भाई विकास (26) इधर-उधर मजदूरी करता है। छेब में इनके जीजा और बहन क्वार्टर में रहते हैं और मेहनत मजदूरी करते हैं। रोहित कभी कभार उनके पास आता रहता था। यह सभी झारखंड निवासी हैं।
जीजा ने बताया कि जब वह काम करके लौटे तो रोहित खून से लथपथ पड़ा था और विकास साथ खड़ा था। जब जीजा ने देखा तो रोहित की मौत हो चुकी थी। दोनों का झगड़ा किस कारण हुआ पता नहीं चल सका है।
सूचना मिलने के बाद डीएसपी कांगड़ा सुनील राणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेज दिया। डीएसपी ने मामले की पुष्टि की है।