देहरा कांग्रेस ने श्रद्धांजलि समारोह का किया आयोजन
देहरागोपीपुर। दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पिता तुल्य थे। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के वटवृक्ष की तरह उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ा कर अपनी राजनीतिक छाया में एकजुट रखा था। उक्त उद्गार प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के श्रद्धांजलि समारोह पर कहे। पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह किया की दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बताए गए मार्ग का अनुसरण करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ पार्टी हित में कार्य करके समूचे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का झंडा बुलंद करके दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि देनी होगी।उन्होंने कहा की प्रदेश के सर्वांगीण विकास में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के योगदान को कभी भी कम नहीं आंका जा सकता है। दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को राजनीति के प्रेरणा स्रोत बताते हुए पूर्व कांग्रेस सांसद विप्लव ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके राजनीतिक आदर्शों को अमूल्य धरोहर मानती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के दुखों को सुनने वाले राजनीतिक मसीहा के स्वर्गवास होने से पूरे प्रदेश गमगीन माहौल बना हुआ है। विप्लव ठाकुर ने कहा कि वीरभद्र सिंह का वियोग को प्रदेश कांग्रेस पार्टी में कभी भी पूरा नहीं किया जा सकता। श्रद्धांजलि समारोह में गायत्री मन्त्र का उच्चारण व दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर जिला कांगड़ा प्रवक्ता सपन सूद, पूर्व विधायक योगराज, ब्लाक कांगेस अध्यक्ष हरिओम शर्मा, कर्नल मुनीश धीमान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्ण सिंह,जय प्रकाश वालिया,केवल वालिया,पूर्व पार्षद नवीन वैध, मुकेश वालिया,सुरिंदर कराटा,कांग्रेस नेत्री कल्पना राणा भी उपस्थित थे।
वहीं, पूर्व सासंद विप्लव ठाकुर ने बादल फटने से जिला कांगड़ा में हुए जानमाल पर भी दुख जताया। उन्होंने कहा की प्राकृतिक आपदा की भयंकर तबाही से प्रभावित पीड़ित परिवारों के प्रति कांग्रेस पार्टी सहानुभूति रखती है।