मुख्य सचेतक, उप मुख्य सचेतक सहित बोर्ड-निगमों में नियुक्ति का किया विरोध
शिमला। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि वह प्रदेश में आर्थिक संकट के बावजूद उपचुनाव के दृष्टिगत अपने चहेतों को लाभ देने के लिए उनकी नियुक्तियां कर रही है। उन्होंने इसे पूरी तरह सरकारी धन की फिजूलखर्ची बताते हुए इन नियुक्तियों का विरोध किया है। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए राठौर ने कहा कि सरकार ने दो विधायकों में एक को कैबिनेट दर्जा व दूसरे को राज्य मंत्री का दर्जा देकर सरकारी खर्च ही बढ़ाया है, जबकि प्रदेश को इन नियुक्तियों का कोई लाभ होने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त तीन बोर्डों के उपाध्यक्ष नियुक्त करना भी उपचुनाव के दृष्टिगत लिया गया एक फैसला है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व राजनीतिक आधार पर सरकार ने दो मीडिया कोऑर्डिनेटर भी नियुक्त किए हैं। राठौर ने कहा कि अब चुनाव के समय इस प्रकार की नियुक्तियां बीजेपी केवल अपने राजनीतिक लाभ के लिए ही कर रही है। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से सरकार पर करोड़ों का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा, जबकि सरकार अपने खर्चे चलाने के लिए अब तक करोड़ों का कर्ज ले चुकी है और अभी आगे भी ले रही है। सरकार अपने संसाधन जुटाने में पूरी तरह विफल रही है।
राठौर ने कहा कि सरकार इन दिनों अधिक सक्रिय हो गई है। बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जा रही हैं। यह घोषणाएं शायद ही पूरी होंगी, क्योंकि इनके लिए अभी तक कोई बजट प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने इन चार साल में इन क्षेत्रों के विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया, अब उप चुनाव को सामने देख घोषणाएं की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस मंडी संसदीय चुनाव के साथ-साथ फतेहपुर, जुब्बल कोटखाई व अर्की उपचुनाव को जीतेगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए facebook page like करें
उपचुनाव को लेकर पार्टी प्रत्यशियों बारे पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में राठौर ने कहा कि चुनाव की घोषणा होने के बाद कांग्रेस आलाकमान अपने प्रत्यशियों की घोषणा करेगा। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा के उपचुनाव बारे पहले स्व. वीरभद्र सिंह के परिवार से उनकी इच्छा जानी जाएगी, उसी के बाद प्रत्याशी को लेकर कोई फैसला होगा। राठौर ने कहा कि मंडी, फतेहपुर व जुब्बल कोटखाई के चुनाव को लेकर पार्टी पर्यवेक्षक अपने दौरे कर चुके है। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान इस बारे अंतिम फैसला लेगा। राठौर ने कहा है कि कांग्रेस प्रदेश में चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने प्रदेश में पर्यटकों के बढ़ने से कोरोना नियमों की अवहेलना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि अगर प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर बढ़ती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी जयराम सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि हालांकि देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने भी बढ़ती भीड़ पर अपनी चिंता प्रकट की है। बावजूद इसके राज्य सरकार इसके प्रति पूरी तरह उदासीन दिख रही है। राठौर ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी चिंता प्रकट करते हुए कहा है कि बाहर से आने वाले लोगों की किसी भी प्रकार की जांच ना होना और उनका यहां घातक हथियारों के साथ आना व लोगों के साथ मार कुटाई करना हमारी कानून व्यवस्था व सुरक्षा की पूरी पोल खोलता है।