कांगड़ा के फतेहपुर उपमंडल के अनोह दियाल क्षेत्र का मामला
फतेहपुर। मां की नजरों के सामने से 10 साल के मासूम को मौत छीने ले गई। हालांकि, मां ने भी अपने लाल को मौत के चंगुल से छुड़ाने के लिए पूरा प्रयास किया पर वह कामयाब नहीं हो सकी। डूबने से 10 साल के अर्पित की जान चली गई। मामला हिमाचल के कांगड़ा जिला के उपमंडल फतेहपुर से सामने आया है। अनोह दियाल क्षेत्र के 10 साल के बच्चे अर्पित की पौंग झील किनारे खड़े पानी में डूबने से मौत हो गई।
यह भी पढ़ें :- दोस्तों के साथ गया था घूमने, डूबने से गई जान-आज बरामद किया शव
अर्पित अपनी मां और छोटे भाई के साथ पशुओं को लाने के लिए जा रहा था। वह आगे चला हुआ था और मां व उसका भाई पीछे चले हुए थे। जैसे ही अर्पित पानी के पास पहुंचा तो नियंत्रण खोने से पानी में गिर गया। अर्पित को पानी में गिरता देख पीछे चल रही मां ने भी पानी में छलांग लगा दी। वह भी पानी में डूबने लगी। एक युवक ने उन्हें देख लिया और वह मौके पर पहुंचा। उसने अर्पित की मां को तो पानी से निकाल लिया, पर बच्चे को नहीं निकाल सका।
इसके बाद जैसे तैसे अर्पित को पानी से निकाला और सिविल अस्पताल फतेहपुर ले आए। पर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजन शव को घर ले आए। दूसरी तरफ अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचित कर दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी फतेहपुर अशोक ठाकुर टीम सहित बच्चे के घर पहुंचे व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया।