शिमला। हिमाचल सरकार के फैसले के बाद प्रदेश में बसें चलाने की तैयारी कर दी है। हालांकि, निजी बसों के चलने पर अभी संशय है पर एचआरटीसी बसें कल सड़कों पर जरूर नजर आएंगी। एचआरटीसी पहले दिन यानी सोमवार से करीब 1,004 रूटों पर बसें चलाएगा। सवारियों की संख्या को देखते हुए बाद में बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। हिमाचल सरकार के फैसले के अनुसार 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी के साथ बसें चलेंगी। इसके लिए चालकों-परिचालकों से रविवार तक डिपो या अड्डा में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के भीतर बसें चलाने का फैसला लिया है। अभी हिमाचल के अंदर ही बसें चलेंगी। बाहरी राज्यों के लिए बाद में फैसला होगा। प्रदेश में चलाए जाने वाले रूटों के हिसाब से चालकों-परिचालकों (की रोटेशन में ड्यूटियां लगाई जाएगी। सोमवार सुबह से 24 घंटे निगम की बसें सड़कों पर दौड़ेंगी। बसों में सवारियों की ऑक्यूपेंसी जांचने के लिए इंस्पेक्टर फील्ड में सेवाएं देंगे। बसों में मास्क पहनना अनिवार्य किया है। सवारियों के पास सैनिटाइजर होना जरूरी है। तीन लोगों वाली सीट पर दो और 2 वाली सीट पर एक सवारी बैठेगी।
कहां, कितने रूटों पर चलेंगी बसें
शिमला में 225, मंडी 229 कांगड़ा 165, ऊना 25, सोलन 90, सिरमौर 80, बिलासपुर 30, कुल्लू 40, हमीरपुर 33, चंबा 40, किन्नौर 28 और लाहौल स्पीति में 19 रूटों पर बसें चलाई जाएंगी।