शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहीं अनुराग की पत्नी शैफाली ठाकुर
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैबिनेट विस्तार का कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन में आज पूरा हुआ। मोदी मंत्रिमंडल में 15 कैबिनेट, 28 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। हिमाचल के लिए गर्व की बात ये है कि हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को कैबिनेट में प्रमोशन मिला है। अनुराग ठाकुर ने 15वें नंबर पर कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। अब उनको मिलने वाले पोर्टफोलियो पर सबकी नजर है। अनुराग ठाकुर के पास राज्य मंत्री के तौर पर वित्त और कॉरपोरेट मामले मंत्रालय था। अनुराग ठाकुर के शपथ ग्रहण समारोह में उनकी पत्नी शैफाली ठाकुर भी मौजूद रहीं।
यह भी पढ़ें :- हिमाचल कैबिनेट : नहीं खुलेंगे स्कूल, कॉलेजों में होंगे दाखिले, नियमित कक्षाएं भी लगेंगी
अनुराग ठाकुर की इस ताजपोशी के साथ ही केंद्र में हिमाचल का कद और बढ़ गया है। जहां प्रदेश के बिलासपुर जिले से जेपी नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, वहीं अब अनुराग को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। अनुराग से पहले पूर्व सीएम शांता कुमार, वीरभद्र सिंह व पंडित सुखराम भी केंद्र में कैबिनेट मंत्री बने थे।
हिमाचल के पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल के पुत्र अनुराग ठाकुर पिछली मोदी सरकार में लोकसभा में मुख्य सचेतक बनाए गए थे। उन्होंने लगातार चौथी बार लोकसभा का चुनाव जीता है।
अनुराग भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बीसीसीआई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद का भी अवॉर्ड मिल चुका है। अनुराग हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे। पिता प्रेम कुमार धूमल के सीएम बनने पर खाली हुई सीट के उपचुनाव में अनुराग ने पहली बार जीत दर्ज की थी। वर्ष 2008 में हुए उपचुनाव में अनुराग पहली बार जीते। इसके बाद 2009, 2014 और अब वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अनुराग ने चौथी बार जीत हासिल की। अनुराग वर्तमान में 17वीं लोकसभा में सांसद निर्वाचित हुए थे। इससे पूर्व वह 16वीं लोकसभा में चीफ व्हिप रह चुके हैं।