सोशल मीडिया पर लगातार दे रही थीं अपनी यात्रा की अपडेट
नई दिल्ली। किन्नौर के सांगला में हुए हादसे ने हर किसी को हिला कर रख दिया है। ये लोग यहां हिमाचल की वादयों में घूमने आए थे लेकिन भगवान को कुछ औऱ ही मंजूर था। मरने वाले 9 लोगों में एक आयुर्वेद डॉक्टर दीपा शर्मा भी शामिल थीं। 34 साल की दीपा शर्मा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं औऱ पहली बार अकेले यात्रा पर निकली थीं। दीपा लगातार सोशल मीडिया पर अपनी यात्रा की अपडेट दे रही थीं, लेकिन वो भी नहीं जानती थीं कि कौन सा पल आखिरी होगा। लैंडस्लाइड से कुछ वक्त पहले ही दीपा शर्मा ने ट्विटर पर एक फोटो शेयर की थी। उन्होंने लिखा कि वह इस वक्त भारत के आखिरी प्वाइंट पर खड़ी हैं, जहां तक सिविलयन को जाने की इजाजत है। इसके 80 किमी। आगे तिब्बत है, जिसपर चीन ने कब्ज़ा किया हुआ है।
Life is nothing without mother nature. ❤️ pic.twitter.com/5URLVYJ6oJ
— Dr.Deepa Sharma (@deepadoc) July 24, 2021
लोगों ने दीपा शर्मा की इस फोटो को खूब पसंद किया लेकिन किसी को ये मालूम नहीं था कि यही आखिरी तस्वीर थी। 34 साल की दीपा शर्मा के इस तरह अचानक हुए निधन से सोशल मीडिया पर हर कोई हैरान और दुखी है। लोग दीपा की ये फोटो शेयर कर रहे हैं। इस हादसे में नेवी में लेफ्टिनेंट अमोघ बापट की भी मौत हो गई है। अमोघ अपने दोस्त सतीश कटकवार के साथ शिमला घूमने गए थे। इसी दौरान ये हादसा हो गया। लेफ्टिनेंट अमोघ बापट छत्तीसगढ़ के कोरबा के रहने वाले थे। सांगला-छितकुल रोड पर बटसेरी के पास चलते टेंपो ट्रैवलर पर चट्टानें गिरने से ये हादसा हुआ था।
किन्नौर हादसे में नेवी लेफ्टिनेंट ने भी गंवाई जान, दोस्त के साथ घूमने आए थे हिमाचल