अब तक निकाले जा चुके हैं कुल 9 शव
शाहपुर। जिला कांगड़ा के शाहपुर की बोह वैली की रुलेहड़ में गुरुवार दोपहर एक और शव मलबे से निकाला गया है। इससे पहले आठ शव निकाले जा चुके थे यानी अब तक कुल 9 शव निकाले गए हैं। अभी भी एक आदमी के मलबे में दबे होने की आशंका थी। इसकी तलाश में एनडीआरएफ व गृहरक्षकों की टीम जुटी हुई है। गुरुवार दोपहर को मिले एक अन्य शव के बाद अब एक ही व्यक्ति का शव मलबे में दबा शेष रह गया है। जिला प्रशासन की और से राहत व बचाव कार्य जारी हैं।
यह भी पढ़ें :- कांगड़ा में तबाही : रुलेहड़ में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू, 5 को जिंदा निकाला, 9 को बचाने की कोशिश जारी
आज मिले शव की पहचान सुभाष चंद (75) के रूप में हुई है। जबकि अब सिर्फ नीरज कुमार (18) का शव मलबे में बचा है जिसकी खोजबीन जारी है। उसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग रहा है, लेकिन राहत बचाव कार्य में जुटी टीम लगातार काम कर रही है।
बता दें कि सोमवार को आई प्राकृतिक आपदा से हुए भारी भूस्खलन में आए मलबे में कई मकान ध्वस्त हो गए थे और मलबे में करीब 15 लोग दब गए थे। इनमें से पांच को सुरक्षित निकाल लिया गया। इनका टांडा अस्पताल व पीजीआइ चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है।