परिजनों ने महिला पुलिस थाना मंडी में दर्ज करवाई शिकायत
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में एक बार रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। तल्याहड़ क्षेत्र में 2 चचेरे भाइयों पर 11 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म (Rape) करने का आरोप लगा है। बच्ची की मां ने मामले की शिकायत महिला पुलिस थाना मंडी में दर्ज करवाई है। परिजनों ने महिला पुलिस थाना मंडी में जो बयान दर्ज करवाया है उसके अनुसार मासूम के साथ दो अलग-अलग मौकों पर दुष्कर्म को अंजाम दिया गया है।
पहली बार करीब ढाई महीने पहले मासूम के साथ हैवानियत हुई, वहीं दूसरी बार एक महीने पहले फिर से उसके साथ ये सब हुआ। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के कुछ ही घंटों मे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने धारा 376, 377, 506 व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्ची का मेडिकल करवा लिया गया है।