इसी हफ्ते उनकी पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह का भी कोरोना से हुआ था निधन
नई दिल्ली। कोरोना ने इन दो सालों में हमारे देश में लाखों लोगों की जान ले ली इनमें आम आदमी के साथ हमने देश के कई दिग्गजों को भी गंवा दिया। इसमें एक और नाम शामिल हो गया है वो नाम है महान एथलीट ‘फ्लाइंग सिख’ मिल्खा सिंह का। मिल्खा सिंह (#MilkhaSingh) का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले कुछ दिनों में उनकी तबीयत में सुधार हुआ था लेकिन अचानक से ऑक्सीजन का स्तर कम होने के बाद उनको सांस लेने में तकलीफ हुई और देर रात इस महान हस्ति के निधन की खबर आई। शुक्रवार रात 11 बजकर 30 मिनट पर मिल्खा सिंह ने आखिरी सांस ली।
मिल्खा सिंह का अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर 25 स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए आज 3 बजे उनका पार्थिव शरीर उनके सेक्टर 8 सिथित घर पर रखा जाएगा। इसी हफ्ते उनकी पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह का भी कोरोना से निधन हुआ था। निर्मल मिल्खा 85 वर्ष की थीं। वह पंजाब सरकार में खेल निदेशक (महिला) और भारतीय महिला राष्ट्रीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान थीं। मिल्खा अस्पताल में भर्ती होने के कारण उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे क्योंकि वे खुद भी आईसीयू में भर्ती थे।
91 साल के मिल्खा 17 मई को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। भारत के इस महान धावक को दुनियाभर में फ्लाइंग सिख के नाम से जाना जाता है। भारत के लिए कॉमनवेल्थ में सबसे पहला गोल्ड मेडल जीतने का कमाल मिल्खा जी ने ही किया था। इसके अलावा एशियन गेम्स में इस महान धावक के नाम चार गोल्ड मेडल भी थे। ओलंपिक में भारत की तरफ से कांस्य पदक जीतने से चूके मिल्खा को भारत के सबसे महान और चमकदार एथलीट के तौर पर जाना जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा है ”हमने एक महान खिलाड़ी खो दिया है।” रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर मिल्खा सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने लिखा है, ”मिल्खा सिंह एक बेहतरीन एथलीट और स्पोर्टिंग लेजेंड थे। उन्होंने अपनी उपलब्धियों से देश को गौरवंतित महसूस कराया था। वह एक शानदार व्यक्ति थे, अपनी अंतिम सांस तक उन्होंने खेल के क्षेत्र में अपना योगदान दिया। उनके निधन की खबर से मैं दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों को संवेदनाएं। ओम शांति.’
फिल्म अभिनेता और मिल्खा सिंह पर बनीं फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले फरहान अख्तर ने भी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने लिखा है. मेरे मन का एक हिस्सा यह मानने को बिल्कुल राजी नहीं है कि आप नहीं रहें।’
ट्वीट यहां देखें –
In the passing away of Shri Milkha Singh Ji, we have lost a colossal sportsperson, who captured the nation’s imagination and had a special place in the hearts of countless Indians. His inspiring personality endeared himself to millions. Anguished by his passing away. pic.twitter.com/h99RNbXI28
— Narendra Modi (@narendramodi) June 18, 2021