शिमला। दिल्ली से शिमला लौटते ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अटैकिंग मोड में दिखे। उन्होंने दो टूक कहा कि 2022 तक वह ही हिमाचल के मुख्यमंत्री रहेंगे। यह बात उन्होंने शिमला हेलीपैड पर मीडिया से बातचीत में कही। इस दौरान वह सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों पर भी खूब बरसे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अब काम करने का समय है और कार्यों में गति लाई जाएगी। सोशल मीडिया पर जो चंडूखाने की खबरें चला रहे हैं, उन्हें साफतौर पर कहना चाहते हैं कि मैं आज जहां हूं, 2022 तक यहीं रहूंगा। मंडी लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन को लेकर उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया को कोई गंभीरता से नहीं लेता है और ना ही लेना चाहिए। किसको चुनाव लड़ाना है, यह फैसला पार्टी करती है। पार्टी ही निर्णय लेगी कि किसको प्रत्याशी बनाना है। चर्चा और फीडबैक के बाद ही पार्टी निर्णय लेती है। सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने से कुछ होने वाला नहीं है। उल्टा उनकी फजीहत होती है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से कई मुद्दों पर चर्चा हुई है, वहीं, मंत्रियों व विधायकों के रिपोर्ट कार्ड पर भी चिंतन किया गया है। 2022 का विधानसभा चुनाव है, उसको लेकर तैयारियां किस तरह से करनी है, इस पर भी चर्चा हुई है। साथ ही हिमाचल में होने वाले मंडी लोकसभा सहित फतेहपुर व जुब्बल कोटखाई उपचुनाव को लेकर भी सरकार तैयार है। मंडी हवाई पट्टी के अलावा राष्ट्रीय उच्च मार्गों पर भी केंद्र से बातचीत करने व उसके सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद ज़ाहिर की। उन्होंने कहा कि डलहौजी का नाम बदलने का कोई विचार नहीं और ना ही ऐसा कोई प्रस्ताव आया है।