Categories
State News

क्वारंटाइन सेंटर में रखे जाएंगे रेड जोन से हिमाचल आने वाले लोग सीएम जयराम ठाकुर ने डीसी, एसपी और सीएमओ से बैठक में दिए निर्देश

शिमला
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि बाहरी राज्यों से हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करने वाले लोगों की चिकित्सा जांच के लिए एक्टिव केस फाइडिंग अभियान की तर्ज पर एक विशेष अभियान चलाया जाएगा और इन व्यक्तियों को होम क्वारंटाइन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि क्वारंटाइन पर रखे गए लोग घर से बाहर ना निकलें। जयराम ठाकुर ने अधिकारियों से ऐसे व्यक्ति जो बाहरी राज्यों से हिमाचल प्रदेश में आए हैं की सूचना को एकत्रित करने के निर्देश दिए। कहा कि यदि कोई व्यक्ति रेड जोन से आया है तो उसे क्वांरटाइन केंद्र में रखा जाए।
सीएम जयराम ठाकुर ने अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने और बाहरी राज्यों में फंसे हिमाचल प्रदेश के लोगों की वापसी के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रवासी श्रमिकों, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, छात्रों और राज्य के भीतर और बाहर फंसे अन्य लोगों की सहायता के लिए नोडल अधिकारियों के साथ सहायक अधिकारी नियुक्त किए हैं। उन्होंने पंचायती राज संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे उन लोगों पर कड़ी निगरानी रखें जो बाहरी राज्यों से लौटे हैं और उनसे होम क्वारंटीन के मानदंडों का सख्ती से पालन करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अब तक सुरक्षित है और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश की स्थिति सामान्य बनी रहे।

जयराम ठाकुर ने कहा कि विशेष रूप से ग्रीन जोन में आर्थिक गतिविधियों को शुरू करने का प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं और खेती के उपकरणों की सुचारू आवाजाही करने पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को फेस मास्क और फेस कवर पहनने के लिए भी प्रेरित किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे कोरोना वायरस के संक्रमण से बचा जा सकता है। सीएम ने कहा कि चुनिंदा क्षेत्रों में कुछ चयनित दुकानें खोलने की अनुमति है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सामाजिक दूरी बनी रहे और सभी लोग फेस मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग करें। मुख्य सचिव अनिल खाची ने सीएम को आश्वासन दिया कि अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि राज्य सरकार के सभी निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *